मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका! नोएडा, दादरी और जेवर में 21-22 नवंबर को विशेष अभियान, इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें बीएलओ के पास

0 28

गौतमबुद्धनगर: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गौतमबुद्धनगर जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा नाम हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में सुधार कराने की सुविधा भी मिलेगी।

चार दिन चलेंगे विशेष अभियान

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए चार विशेष अभियान की तारीखें तय की गई हैं।

ये अभियान 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को चलेंगे। यह प्रक्रिया 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए आयोजित की जा रही है।

नाम जुड़वाने और हटवाने के लिए भरें ये फॉर्म

17 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में यदि किसी पात्र नागरिक का नाम शामिल नहीं है, तो वह अपने मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ को जरूरी दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 जमा कर सकता है।

वहीं, किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है, उसका नाम दो बार दर्ज है या वह स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चला गया है, तो उसके परिजन फॉर्म-7 भरकर नाम हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते या अन्य जानकारियों में सुधार कराने और स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन की भी मिलेगी सुविधा

मतदाता इन सभी फॉर्म को ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। आवेदन संबंधित बीएलओ या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में भी जमा कराए जा सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.