विंध्याचल मंदिर पर सेना के जवान और पुलिसकर्मी में हाथापाई, पांच आरक्षी निलंबित

0 480

मीरजापुर: विंध्यवासिनी मंदिर पर मंगलवार की देर रात एक आर्मी जवान को मोबाइल से अपने माता-पिता को मां विंध्यवासिनी का दर्शन कराना महंगा पड़ गया। मोबाइल से मंदिर परिसर के अंदर मां का दर्शन करा रहे जवान को सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी रोकने लगे तो दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला हाथापाई तक पहुंचा तो पुलिसकर्मी जवान को पकड़कर धाम चौकी उठा ले गए।

विंध्याचल थाना क्षेत्र के बिरोही गांव निवासी आर्मी में तैनात जवान मंगलवार की रात मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने आया था। वह दर्शन पूजन के बाद मोबाइल से मां का दर्शन अपने माता-पिता को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से कराने लगा। यह देख वहां सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी नाराज हो गए और जवान को ऐसा करने से रोकने लगे। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला हाथापाई तक पहुंच गया और धक्का-मुक्की भी हुई। भारी संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मी जवान को पकड़कर धाम चौकी उठा ले गए।

विंध्याचल मंदिर परिसर में पुलिस कर्मियों द्वारा एक दर्शनार्थी से दुर्व्यवहार करने का वीडियो प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने तत्काल प्रभाव से पांच मुख्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय जांच करने के आदेश दिए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.