परीक्षा देने जा रही थीं दो युवतियां, ऑटो चालक ने सुनसान इलाके में ले जाकर की दरिंदगी की कोशिश; पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में परीक्षा देने जा रही दो युवतियों के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती और मारपीट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हसीब के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर गांव का निवासी है। वह वर्तमान में लखनऊ के पारा इलाके में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 7 जून की सुबह दोनों युवतियां परीक्षा देने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चारबाग बस अड्डे के पास आरोपी ने उन्हें आलमबाग छोड़ने का झांसा देकर अपने ऑटो में बैठा लिया।
सुनसान इलाके में ले जाकर की कथित जबरदस्ती
आरोप है कि रास्ते में ऑटो चालक ने वाहन को पारा थाना क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास एक सुनसान स्थान की ओर मोड़ दिया। वहां उसने दोनों युवतियों के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि किसी तरह पीड़िताएं वहां से निकलने में सफल रहीं और पुलिस तक पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घेराबंदी की, फायरिंग के बाद हुआ गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के ऑटो को घेरने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया है।
ऑटो, तमंचा और कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पहले भी गंभीर अपराध में जा चुका है जेल
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में हरदोई के संडीला क्षेत्र में भी उस पर एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।