बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का पाकिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका, खिलाड़ियों की NOC रद्द कर PSL खेलने पर लगाई रोक
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को बड़ा झटका देते हुए अपने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में भेजने से साफ इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद पाकिस्तान सुपर लीग में कई टीमों की तैयारियों पर असर पड़ता दिख रहा है। बोर्ड ने अपने तीन खिलाड़ियों की एनओसी (NOC) भी रद्द कर दी है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।
मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा की NOC रद्द
जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में समाप्त हुई वनडे सीरीज के बाद उम्मीद की जा रही थी कि खिलाड़ी सीधे PSL में हिस्सा लेंगे। लेकिन अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं होगा।
मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा की PSL खेलने की अनुमति रद्द कर दी गई है। मुस्तफिजुर रहमान लाहौर कलंदर्स का हिस्सा रहे हैं, जबकि नाहिद राणा पेशावर जाल्मी के लिए खेलते रहे हैं। दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान स्वदेश लौटे थे।
मुस्तफिजुर रहमान की चोट बनी वजह
रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्तफिजुर रहमान के घुटने में चोट लगी है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मिस किए थे, हालांकि बाद में वापसी करते हुए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड उनकी चोट का स्कैन करवा रहा है, जिसके चलते उन्हें पाकिस्तान नहीं भेजा जाएगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट पर फोकस, PSL से दूरी
बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि आने वाले इंटरनेशनल मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। मुस्तफिजुर रहमान, नाहिद राणा और तस्कीन अहमद को आगामी टी20 सीरीज के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अब ये खिलाड़ी केवल अंतरराष्ट्रीय मैचों में बांग्लादेश टीम के लिए खेलते नजर आएंगे, जबकि PSL में उनकी भागीदारी नहीं होगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 27 अप्रैल से शुरू
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 27 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। दूसरा मैच 29 अप्रैल को और तीसरा मुकाबला 2 मई को खेला जाएगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पहले दो टी20 मैचों के लिए टीम का ऐलान भी कर दिया है।