गर्मी के मौसम में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, आइसक्रीम समेत 8 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

0 15

गौतमबुद्धनगर: गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जनपद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सक्रिय हो गया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया और कुल 8 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

आइसक्रीम निर्माण इकाइयों पर छापेमारी
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए आमजन को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त आइसक्रीम व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी का एक नमूना तथा डिवाइन आइसक्रीम इकाई से आइसक्रीम का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सेक्टर-64 नोएडा स्थित गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड की निर्माण इकाई से दूध, क्रीम और रेड वेलवेट क्रीम के नमूने लिए। जांच के दौरान रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी अंकित न पाए जाने पर लगभग 25 डिब्बों (2.3 किलोग्राम अवशेष) को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया गया।

इसके अलावा सेक्टर-73 नोएडा स्थित क्वार्ले आइसक्रीम से आइसक्रीम का एक नमूना तथा सेक्टर-04 रोजा जलालपुर ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स इकाई से कुल्फी और बादाम सेक के नमूने लिए गए।

कुल 8 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए
पूरे अभियान के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थ तय मानकों के अनुरूप हों और आम जनता को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

हलाल प्रमाणन को लेकर भी जांच जारी
विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि हाल के दिनों में हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर की गई शिकायतों के आधार पर विभिन्न स्टोर्स पर भी चेकिंग की गई, हालांकि किसी भी दुकान पर ऐसे उत्पाद पाए नहीं गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.