अमेरिका में बड़ा एयर शो हादसा, हवा में टकराए दो आधुनिक F-18 फाइटर जेट, धमाके के बाद उठी आग की लपटें

0 13

वॉशिंगटन: अमेरिका में एयर शो के दौरान बड़ा सैन्य हादसा सामने आया है। अमेरिकी नौसेना के दो आधुनिक F-18 लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों जेट्स धमाके के साथ क्रैश हो गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद आसमान में आग और धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है।

एयर शो के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक एयर शो के दौरान हुई। दोनों F-18 फाइटर जेट हवाई करतब दिखा रहे थे और इसी दौरान वे बेहद करीब आ गए। शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह प्रदर्शन का हिस्सा है, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद दोनों विमानों के हिस्से हवा में टूटकर गिरते दिखाई दिए।

इसके तुरंत बाद दोनों विमानों से पायलट और क्रू मेंबर्स इजेक्ट होते नजर आए। कुछ ही क्षणों में दोनों फाइटर जेट तेजी से जमीन की ओर गिरे और जोरदार विस्फोट के साथ आग का बड़ा गोला बन गए।

चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित

हादसे के बाद पैराशूट के जरिए नीचे उतरते क्रू मेंबर्स को देखा गया। राहत की बात यह रही कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। जानकारी के अनुसार, दोनों विमानों में सवार चारों लोग सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बताया जा रहा है कि पैराशूट के जरिए बाहर निकले क्रू सदस्य हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर उतरे, जिससे उनकी जान बच गई।

नेवी अधिकारियों ने शुरू की जांच

इस घटना को लेकर यूएस पैसिफिक फ्लीट की नेवल एयर फोर्सेस की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमायाम ने बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय दोनों विमान एयर शो में प्रदर्शन कर रहे थे। टक्कर के बाद चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित तरीके से बाहर निकल आए।

अधिकारियों के मुताबिक, सभी क्रू सदस्यों की हालत स्थिर है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर दोनों आधुनिक लड़ाकू विमान हवा में इतनी नजदीक कैसे आ गए।

अमेरिकी नौसेना के लिए बड़ा झटका

F-18 लड़ाकू विमान अमेरिकी नौसेना के सबसे आधुनिक और महत्वपूर्ण विमानों में गिने जाते हैं। अमेरिकी नेवी इन विमानों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करती है। ऐसे में दो फाइटर जेट का एक साथ तबाह होना अमेरिकी सैन्य तंत्र के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.