गौतमबुद्धनगर: जिले में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान का बुधवार को औपचारिक शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सेक्टर-39 नोएडा और जिला चिकित्सालय परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से हुई। रैली को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक झा और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविन्द्र सिरोहा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में नोएडा विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका गुप्ता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जैस लाल, डॉ. पवन कुमार, डॉ. अमित चौधरी और जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
जागरूकता रैली जिला चिकित्सालय से शुरू होकर सेक्टर-39, सिटी सेंटर और राजकीय डिग्री कॉलेज होते हुए सेक्टर-41 नोएडा में जाकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

एक महीने तक चलेगा विशेष अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि जनपद में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कीटनाशकों का छिड़काव, फॉगिंग और व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर फीवर सर्वे किया जाएगा। इसके अलावा कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जलभराव वाले स्थानों की जांच कर मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना वाले स्रोतों को समाप्त कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसहभागिता के जरिए संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना और आमजन को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।