तमिलनाडु में बड़ा फैसला, थलापति विजय का ऐलान—सरकारी कर्मचारियों का DA बढ़ा; महिलाओं के खाते में आएंगे 1000 रुपये

0 15

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और आम जनता को लेकर बड़ा और राहतभरा फैसला लिया है। गुरुवार को सीएम विजय ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया, जिसके बाद अब यह 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी।

सरकारी खजाने पर 1230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ

महंगाई भत्ते में इस बढ़ोतरी का सीधा असर राज्य के बजट पर पड़ेगा। सरकार के अनुसार इस फैसले से राज्य पर सालाना करीब 1230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया जाएगा।

कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों को मिलेगा लाभ

सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह निर्णय सरकारी कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस बढ़ोतरी का लाभ न केवल मौजूदा कर्मचारियों को मिलेगा, बल्कि शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को भी इसका फायदा होगा।

महिलाओं को राहत, जल्द खाते में आएगी 1000 रुपये की किस्त

दूसरी ओर राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया है। ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली 1000 रुपये की मई माह की किस्त जल्द ही उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राशि का भुगतान बिना किसी देरी के सीधे लाभार्थियों के खातों में किया जाए।

यह योजना पूर्ववर्ती डीएमके सरकार द्वारा शुरू की गई थी, जिसका नाम पार्टी के वरिष्ठ नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया था।

चुनाव से पहले किए गए वादों पर भी नजर

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया था। ऐसे में मौजूदा फैसलों को सरकार की कल्याणकारी नीतियों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.