मॉनसून का बड़ा असर! 22 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी

0 16

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में इसका असर और अधिक व्यापक होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 10 जुलाई के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से कई राज्यों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं।

उत्तर भारत में बारिश का जोर, यूपी-राजस्थान पर विशेष नजर

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में 4 से 10 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 5 से 10 जुलाई के बीच मॉनसूनी गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है।

मैदानी इलाकों में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में 6 से 8 जुलाई के बीच अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जुलाई के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में भी पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

आंधी और तेज हवाओं का भी अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 4 से 10 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

मध्य भारत में मूसलाधार बारिश का खतरा

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 जुलाई को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 से 6 जुलाई तक और विदर्भ क्षेत्र में 4 से 5 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में 4 से 8 जुलाई के बीच लगातार तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

ओडिशा, बिहार और झारखंड में विशेष चेतावनी

पूर्वी भारत के राज्यों पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में 4 से 8 जुलाई के दौरान मॉनसून का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। ओडिशा में 4 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

झारखंड में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि बिहार में 4 से 10 जुलाई तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में 5 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश होने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले सात दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 4 से 7 जुलाई के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.