15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में बड़ा मौका, BCCI ने श्रीलंका ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए स्क्वाड का किया ऐलान

0 14

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में युवा प्रतिभाओं को एक और बड़ा मंच मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 9 जून से श्रीलंका में शुरू होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें 15 वर्षीय बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। इस चयन के साथ ही वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।

तिलक वर्मा को सौंपी गई कप्तानी, रियान पराग उपकप्तान

इस ट्राई सीरीज के लिए टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में कई युवा और उभरते हुए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो हाल के घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर चयनित किए गए हैं।

आईपीएल सितारों को भी मिला मौका

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को भी इस स्क्वाड में जगह दी गई है। पंजाब किंग्स के ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह को टीम में शामिल किया गया है। इनके अलावा अंशुल कंबोज, यश ठाकुर, विपराज निगम, आयुष बडोनी और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।

इंडिया-ए टीम का पूरा स्क्वाड

टीम में तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज और अरशद खान शामिल हैं।

श्रीलंका में होगा पूरा टूर्नामेंट

यह ट्राई सीरीज 9 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलेगी। इसमें भारत-ए, मेजबान श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले दांबुला में खेले जाएंगे। भारत-ए का पहला मैच 9 जून को श्रीलंका-ए के खिलाफ होगा, जबकि 11 जून को टीम का सामना अफगानिस्तान-ए से होगा।

लीग चरण के बाद टॉप-2 टीमें 21 जून को फाइनल खेलेंगी।

रेड बॉल सीरीज का स्क्वाड बाद में घोषित होगा

इस दौरे पर भारत-ए टीम को श्रीलंका-ए के खिलाफ दो रेड बॉल मैच भी खेलने हैं, जिनके लिए स्क्वाड का ऐलान बाद में किया जाएगा। ये मुकाबले गाले में आयोजित होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.