यूपी के कर्मचारियों को बड़ी राहत, योगी सरकार ने बढ़ाया DA; मई की सैलरी में मिलेगा फायदा

0 12

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पांचवें और छठवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। योगी सरकार के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलेगी। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक बढ़ा हुआ डीए जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा और इसका लाभ कर्मचारियों को मई के वेतन में मिलेगा।

सरकार के फैसले के तहत पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के डीए में 9 प्रतिशत और छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के डीए में 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

छठवें वेतनमान का डीए 262% तक पहुंचा

वित्त विभाग के अनुसार छठे केंद्रीय वेतन आयोग की वेतन संरचना के तहत कार्यरत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं पांचवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़े हुए डीए का लाभ एक जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।

जनवरी से अप्रैल तक का एरियर भी मिलेगा

सरकार ने कर्मचारियों के लिए एरियर भुगतान को लेकर भी व्यवस्था तय की है। एक जनवरी से 30 अप्रैल तक की देय अवशेष राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में जमा कराई जाएगी।

जो कर्मचारी भविष्य निधि खाते के सदस्य नहीं हैं, उनकी राशि पीपीएफ खाते में जमा की जाएगी या फिर राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) के रूप में दी जाएगी।

NPS कर्मचारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने विशेष प्रावधान किए हैं। देय एरियर राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारियों के टियर-1 पेंशन खाते में जमा किया जाएगा।

इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से भी पेंशन खाते में 14 प्रतिशत के बराबर अतिरिक्त राशि जमा कराई जाएगी। शेष 90 प्रतिशत धनराशि पीपीएफ या एनएससी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

इन कर्मचारियों और संस्थानों को मिलेगा लाभ

बढ़े हुए डीए का लाभ राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों और यूजीसी वेतनमान में कार्यरत उन कर्मचारियों को मिलेगा, जिनके वेतनमान जनवरी 2016 से संशोधित नहीं हुए हैं।

इसके अलावा जिन कर्मचारियों की सेवा शासनादेश जारी होने से पहले समाप्त हो चुकी है या जो अगले छह महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें महंगाई भत्ते की पूरी राशि नकद दी जाएगी।

पेंशनर्स को भी मिलेगा बढ़ी दर का लाभ

वित्त विभाग ने अखिल भारतीय सेवाओं के पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को भी बढ़ी हुई दर से महंगाई राहत देने के आदेश जारी किए हैं। यह भुगतान केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.