यूपी बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल, 5 जिलों के नए जिलाध्यक्ष घोषित; ओबीसी और दलित प्रतिनिधित्व पर खास फोकस
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक बदलाव के तहत 5 जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी इस सूची में सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश साफ नजर आती है, जिसमें ओबीसी और दलित वर्ग को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
पार्टी द्वारा घोषित सूची के अनुसार अंबेडकर नगर जिले की जिम्मेदारी दिलीप देव पटेल को सौंपी गई है, जबकि वाराणसी जिले में रामसकल पटेल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। चंदौली जिले की कमान काशीनाथ सिंह को दी गई है। वहीं गोरखपुर महानगर की जिम्मेदारी रमेश प्रसाद गुप्ता को सौंपी गई है, जबकि देवरिया जिले के नए जिलाध्यक्ष काली प्रसाद बनाए गए हैं।
सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
जारी सूची में दो नेताओं को ओबीसी वर्ग से और एक नेता को दलित वर्ग से स्थान दिया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी ने आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन में जातीय और सामाजिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। इससे अलग-अलग वर्गों में पार्टी की पकड़ और मजबूत करने का प्रयास माना जा रहा है।
संगठन विस्तार पर जोर जारी
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह बदलाव संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाने की रणनीति का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य जिलों के जिलाध्यक्षों की सूची भी जारी की जा सकती है, जिसमें और बड़े स्तर पर संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
जिलाध्यक्षों की सूची इस प्रकार है
अंबेडकर नगर – दिलीप देव पटेल
वाराणसी जिला – रामसकल पटेल
चंदौली – काशीनाथ सिंह
गोरखपुर महानगर – रमेश प्रसाद गुप्ता
देवरिया – काली प्रसाद