मानसून को लेकर बड़ा अपडेट: देश के कई राज्यों में अगले 4-5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और आंधी को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी
नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट जारी करते हुए कई राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ दक्षिण और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिण कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मानसून को लेकर मौसम विभाग का बड़ा संकेत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं। विभाग का अनुमान है कि लगभग 16 मई 2026 के आसपास मानसून इन क्षेत्रों में दस्तक दे सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जैसे ही समुद्र से नमी वाली हवाएं सक्रिय होती हैं, बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो जाती है और कई इलाकों में बारिश शुरू हो जाती है। ऐसे हालात में तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है और मानसून तय समय पर या उससे पहले भी आगे बढ़ सकता है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम बदलने वाला है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गुरुवार को कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में शुक्रवार और शनिवार यानी 15 और 16 मई को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भीषण गर्मी और लू से भी राहत नहीं
एक तरफ जहां कई राज्यों में बारिश की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में बने हुए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि इस सप्ताह कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।