मतदान केंद्रों को लेकर बड़ा अपडेट! गौतमबुद्धनगर में अंतिम सूची से पहले डीएम ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, 17 जुलाई तक मांगे अंतिम सुझाव
गौतमबुद्धनगर: विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पुनरीक्षण से पूर्व चल रही प्रक्रिया के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के संभाजन से जुड़ी अंतिम स्थिति साझा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की गई है। इस दौरान राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण करने के बाद निर्धारित मतदेय स्थलों की जानकारी सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। साथ ही स्वीकृत और अस्वीकृत प्रस्तावों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
17 जुलाई की शाम तक दे सकेंगे लिखित सुझाव
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि को किसी मतदेय स्थल के संबंध में कोई तथ्यात्मक संशोधन, विशेष परिस्थिति या जनहित से जुड़ा कोई प्रस्ताव देना है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को 17 जुलाई 2026 की शाम तक लिखित रूप में उपलब्ध करा सकता है। इन प्रस्तावों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों से प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रस्तावों पर आपत्ति या असहमति दर्ज की गई है, उनका संबंधित लेखपाल और बीएलओ के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति पर आधारित विस्तृत आख्या तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि अंतिम सूची तैयार करते समय किसी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या मतदाताओं को असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

हाईराइज सोसायटियों में मतदाताओं की सुविधा पर विशेष जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाईराइज सोसायटियों में भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आवश्यकता के अनुसार नए मतदेय स्थलों की स्थापना सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को निकटतम और सुगम मतदान केंद्र उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, विधायक दादरी प्रतिनिधि दीपक यादव, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, कांग्रेस से नीरज लोहिया, बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष लखमी सिंह, बसपा प्रतिनिधि राजकुमार गुर्जर और सूरजपाल, समाजवादी पार्टी जिला प्रभारी अनूप तिवारी, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी, आम आदमी पार्टी प्रतिनिधि दिलदार अंसारी सहित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।