नोएडा में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर! 5 जेसीबी और 5 डंपर खरीदने के निर्देश, 30 अक्टूबर तक विकास कार्य पूरे करने का अल्टीमेटम
नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में 12 अगस्त 2026 को मुख्य प्रशासनिक भवन, सेक्टर-96 के कॉन्फ्रेंस रूम में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबंधकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शहर के विकास कार्यों, अवैध निर्माण, नालों की सुरक्षा, डिजिटल व्यवस्था और जन शिकायतों के निस्तारण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिशा-निर्देश जारी किए गए।
30 अक्टूबर तक विकास और रिसरफेसिंग के काम पूरे करने का निर्देश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को गांवों और सेक्टरों में अनुरक्षण, विकास कार्यों तथा रिसरफेसिंग से जुड़े काम 30 अक्टूबर 2026 से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित भ्रमण कर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने को कहा गया।
अवैध निर्माण पर सख्ती, 5 जेसीबी और 5 डंपर खरीदने का फैसला
बैठक में सभी वर्क सर्किलों को अपने क्षेत्र के गांवों और सेक्टरों में भ्रमण कर अवैध और अनाधिकृत निर्माण चिन्हित करने तथा उनके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नोएडा शहर में अवैध और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 5 जेसीबी और 5 डंपर खरीदने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है।
मुख्य नालों और नालियों को कवर करने के निर्देश
संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर के प्रमुख नालों और नालियों को कवर कराने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि खुले नालों और नालियों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
16 अगस्त तक संविदाकारों का ई-ऑफिस पर पंजीकरण
बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न प्रक्रियाओं को डिजिटल और ऑनलाइन करने को लेकर ‘प्रहरी ऐप’ और ‘ई-ऑफिस’ की भी समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी विभागों को 16 अगस्त से पहले संविदाकारों का ई-ऑफिस पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
इस कदम का उद्देश्य प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को अधिक डिजिटल और व्यवस्थित बनाना है।
भवनों में अतिक्रमण पर आवंटियों को नोटिस देने के निर्देश
नोएडा क्षेत्र में निर्मित भवनों में मौजूद अतिक्रमण के मामलों को लेकर भी बैठक में सख्त निर्देश जारी किए गए। संबंधित आवंटियों को धारा 10 के नियमों और शर्तों के अनुरूप नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर रुकेगा एक माह का वेतन
जन सामान्य से प्राप्त आईजीआरएस संदर्भों के निस्तारण को लेकर भी मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापरक और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
यदि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया जाता है तो संबंधित अधिकारी का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अगस्त पर इस बार और भव्य होगा हर घर तिरंगा कार्यक्रम
नोएडा प्राधिकरण की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने इस वर्ष कार्यक्रम को अधिक भव्य और समावेशी तरीके से आयोजित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।