Mother’s Day पर छलका सेलिना जेटली का दर्द, बेटे की कब्र से लिपटकर रोईं; पति और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप

0 26

बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली एक बार फिर निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। मदर्स डे के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने दिवंगत बेटे की कब्र से लिपटकर रोती नजर आईं। इस वीडियो के साथ सेलिना ने लंबा पोस्ट लिखते हुए अपने विदेशी पति पीटर हाग और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेत्री ने दावा किया कि उन्हें उनके बच्चों से दूर कर दिया गया है और लंबे समय से वह अपने बच्चों से बात तक नहीं कर पा रही हैं।

‘मेरे बच्चों को मुझसे दूर कर दिया गया’

सेलिना जेटली ने अपने पोस्ट में लिखा कि मदर्स डे पर उनके पास अपने दर्द को साझा करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा कि जिस दिन उन्होंने अपनी गरिमा, अपने बच्चों और अपने भाई की सुरक्षा के लिए ऑस्ट्रिया छोड़ने का फैसला किया, उसी दिन उन्होंने अपने बच्चों को भी खो दिया।

अभिनेत्री के मुताबिक वह पड़ोसियों की मदद से सुबह-सुबह चुपचाप वहां से निकली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वह लंबे समय से व्यवस्थित उत्पीड़न, भावनात्मक शोषण, अपमान और भय का सामना कर रही थीं।

भाई की मदद मांगने के बाद बच्चों से बात तक बंद

सेलिना ने बताया कि उन्होंने भारत स्थित अपने घर तक पहुंच के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की थी। अभिनेत्री का कहना है कि यह घर उन्होंने साल 2004 में अपनी कमाई से खरीदा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने मिडिल ईस्ट में हिरासत में लिए गए अपने भाई के लिए कानूनी सहायता मांगी, उसके बाद उनके बच्चों को उनसे बात करने से रोक दिया गया।

‘जॉइंट कस्टडी के बावजूद बच्चों से नहीं मिलने दिया जा रहा’

सेलिना जेटली ने दावा किया कि ऑस्ट्रियाई फैमिली कोर्ट के मौजूदा आदेश और जॉइंट कस्टडी होने के बावजूद उन्हें अपने तीनों बच्चों से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और उनके पति तथा ससुर बच्चों को उनकी मां और हिंदू धर्म के खिलाफ भड़का रहे हैं। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि बच्चों का “ब्रेनवॉश” किया जा रहा है और उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेला जा रहा है।

तलाक की सुनवाई के दौरान टूटीं सेलिना

अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि हाल ही में ऑस्ट्रिया में हुई तलाक की सुनवाई के दौरान वह अपने ही घर के बाहर खड़ी थीं और अपने परिवार के लिए किए गए प्यार, समर्पण और त्याग को याद कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि अदालत में आश्वासन दिए जाने के बावजूद उनके बच्चों को वापस नहीं लाया गया। सेलिना ने लिखा कि अब वह केवल अपने दिवंगत बेटे शमशेर को ही “गोद में ले सकती हैं”।

‘15 साल की शादी में सब कुछ छिन गया’

सेलिना जेटली ने दावा किया कि उन्हें शादी की 15वीं सालगिरह के बहाने तलाक के कागजात दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्षों तक दुर्व्यवहार झेलने के बावजूद उन्होंने सौहार्दपूर्ण अलगाव की कोशिश की, लेकिन बदले में उन्हें दबाव, धमकियां और संपत्ति से जुड़ी मांगों का सामना करना पड़ा।

अभिनेत्री ने लिखा कि 15 साल की शादी में उन्होंने जो कुछ कमाया, बनाया और अपने परिवार के लिए दिया, वह सब उनसे छिन गया। उन्होंने कहा कि आज उनका दिल पूरी तरह टूट चुका है।

दिवंगत बेटे की कब्र पर जाकर करती हैं प्रार्थना

अपने पोस्ट के अंत में सेलिना ने कहा कि उनके दिवंगत बेटे की कब्र के पास एक ऐसी जगह है, जहां वह रोती हैं, प्रार्थना करती हैं और खुद को संभालने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा कि यही उनके लिए मदर्स डे है।

अभिनेत्री ने यह भी कहा कि अब वह भारत लौट रही हैं और अपने बच्चों, गरिमा, सच और न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.