दिल्ली मेट्रो में सफर कर जनता के बीच पहुंचे CM मोहन यादव, ईंधन बचत और ग्रीन मोबिलिटी का दिया बड़ा संदेश

0 23

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली में आम लोगों के बीच मेट्रो में सफर कर सादगी, मितव्ययता और ईंधन बचत का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने शिवाजी स्टेडियम से दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा की और इस दौरान सह यात्रियों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी राय जानी और सार्वजनिक परिवहन के महत्व पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता और ईंधन बचत की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है। मेट्रो यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन न केवल समय की बचत करता है, बल्कि प्रदूषण कम करने और ऊर्जा संरक्षण में भी बड़ी भूमिका निभाता है।

जनता से सीधे संवाद कर जाना लोगों का मन

मेट्रो सफर के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने कहा कि विश्वास और विकास साथ-साथ चल सकते हैं और इसके लिए सरकार तथा जनता दोनों की सहभागिता जरूरी है। सीएम ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन को अधिक अपनाने की अपील भी की।

ईंधन बचाने के लिए सरकार ने बनाई गाइडलाइन

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर विशेष गाइडलाइन तैयार की है। सरकार वर्चुअल कैबिनेट बैठकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ मंत्रियों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों को भी कम संसाधनों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि देश को मजबूत बनाना है और विदेशी निर्भरता कम करनी है, तो जीवनशैली में अनुशासन और बदलाव लाना जरूरी है। इससे देश के लिए डॉलर की बचत भी होगी।

मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में घटाईं गाड़ियां

सीएम मोहन यादव पहले ही अपने कारकेड में शामिल वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। अब उनके काफिले में केवल 8 वाहन ही शामिल रहेंगे। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान कम गाड़ियों का इस्तेमाल करें और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने में सहयोग दें।

सरकार ने यह भी तय किया है कि मुख्यमंत्री या मंत्रियों के दौरे के दौरान अब वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ सादगी और अनुशासन का संदेश देना है।

प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद तेज हुई पहल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संकट को देखते हुए लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और वाहनों का कम इस्तेमाल करने की अपील की थी। इसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए कई कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रहित में ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.