28 जून को हाथरस और आगरा दौरे पर रहेंगे सीएम योगी, विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, करेंगे हाईलेवल समीक्षा बैठक

0 20

हाथरस: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 जून को हाथरस और आगरा के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हाथरस में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह आगरा पहुंचकर विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सीएम योगी रविवार सुबह 10 बजे लखनऊ स्थित पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास से रवाना होंगे। इसके बाद वह सुबह 10:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और राजकीय विमान से आगरा के लिए उड़ान भरेंगे।

खेरिया एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचेंगे हाथरस

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सुबह 11:05 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर के जरिए हाथरस के लिए रवाना होंगे और 11:20 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री 11:25 बजे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत और अन्य औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री

सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को गति देने और नई परियोजनाओं की शुरुआत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आगरा में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की होगी समीक्षा

हाथरस कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना होंगे और 12:55 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह दोपहर 1 बजे आयुक्त सभागार पहुंचेंगे।

यहां दोपहर 1 बजे से 2:15 बजे तक लोक निर्माण विभाग के आगरा मंडल के पुराने और नए कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद निर्धारित आरक्षित समय के पश्चात दोपहर 2:45 बजे से 3:45 बजे तक मंडलीय विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी।

शाम तक लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

बैठकों के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम 3:45 बजे आयुक्त सभागार से खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम 4 बजे राजकीय विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करने के बाद वह 4:40 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और शाम 5:05 बजे अपने सरकारी आवास वापस लौटेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारियों को तेज कर दिया है। हाथरस के सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.