फतेहपुर में आज सीएम योगी का बड़ा दौरा, 550 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात; डेढ़ घंटे के कार्यक्रम पर सबकी नजर

0 18

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर फतेहपुर पहुंचेंगे। मदारीपुर कला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को संबोधित कर विकास कार्यों का संदेश देने के साथ जनता से भी संवाद करेंगे।

विकास परियोजनाओं के साथ जनसभा को करेंगे संबोधित

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के 15 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री अपने हाथों से हितलाभ वितरित करेंगे।

मंच पर रहेंगे 20 प्रमुख चेहरे

कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कुल 20 प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक विकास गुप्ता, जय कुमार सिंह जैकी, राजेंद्र पटेल, जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को स्थान दिया गया है।

20 हजार क्षमता का पंडाल, सुरक्षा के विशेष इंतजाम

मदारीपुर कला मैदान में करीब 20 हजार लोगों की क्षमता वाला पंडाल तैयार किया गया है। हालांकि इसका एक बड़ा हिस्सा मंच, सुरक्षा व्यवस्था और सेफ हाउस के लिए आरक्षित रखा गया है। मुख्य सभा क्षेत्र में लगभग 10 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जबकि अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्टैंडबाय क्षेत्र भी बैरिकेडिंग के साथ तैयार किया गया है।

15 लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े 15 लाभार्थियों को लाभ वितरित करेंगे। इनमें बाल सेवा योजना, समाज कल्याण विभाग, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री आवास योजना, ग्रामीण उद्यमी, शहरी आवास, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एक जिला एक उत्पाद, उद्यमी विकास और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों में एक दिव्यांग और एक विधवा को भी शामिल किया गया है।

100 पदाधिकारी मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान भाजपा के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों से मुलाकात की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन की योजना के अनुसार कुल 100 पदाधिकारी अलग-अलग चरणों में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। आगमन के समय हेलीपैड और मंच तक पहुंचने के दौरान 50 पदाधिकारी उनसे मिलेंगे, जबकि वापसी के समय अन्य 50 लोगों को मिलने का अवसर दिया जाएगा।

रिहर्सल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गई मजबूत

कार्यक्रम से पहले मदारीपुर कला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल किया गया। अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की पूरी व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया। मुख्यमंत्री हेलीपैड से मंच तक वाहन से पहुंचेंगे और सुरक्षा कर्मी पूरे रास्ते उनके साथ तैनात रहेंगे। मंच और हेलीपैड क्षेत्र में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।

बारिश को देखते हुए किए गए विशेष इंतजाम

संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशेष तैयारियां की गई हैं। हेलीपैड से मंच तक ईंटें बिछाई गई हैं, जबकि मंच के नीचे बालू और ईंटों की मजबूत परत तैयार की गई है, ताकि वर्षा होने की स्थिति में भी कार्यक्रम प्रभावित न हो।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.