‘राजनीति में आना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल’, TMC नेता आशीष बनर्जी के सुसाइड नोट में क्या-क्या लिखा था?

0 22

कोलकाता: बंगाल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट शहर स्थित पार्टी कार्यालय में शव मिला। पुलिस को मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उन्होंने राजनीति में आने को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल बताया और युवा पीढ़ी को राजनीति से दूर रहने की सलाह दी। नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

TRDA में अपनी भूमिका को लेकर कही ये बात

सुसाइड नोट में आशीष बनर्जी ने तारापीठ रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी में अपनी भूमिका को लेकर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि वहां उनके पास सीधे तौर पर कोई जिम्मेदारी या अधिकार नहीं था और वह केवल बैठकों में शामिल होते थे।

उन्होंने दावा किया कि टेंडर कमेटी, चेक पर हस्ताक्षर करने, किसी योजना को मंजूरी देने या अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनके मुताबिक, इन मामलों में उनसे कोई सलाह भी नहीं ली जाती थी। इसके बावजूद उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में घसीटने और बदनाम करने की कोशिश की गई।

‘राजनीति में आना सबसे बड़ी भूल थी’

आशीष बनर्जी ने अपने नोट में राजनीति में आने को लेकर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि अब उन्हें महसूस हो रहा है कि राजनीति में आना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। उन्होंने अपने परिवार की युवा पीढ़ी को राजनीति में नहीं आने और अपने-अपने पेशे पर ध्यान देने की सलाह दी।

नोट में उन्होंने अपनी बेगुनाही और मानसिक पीड़ा का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भ्रष्टाचार में हिस्सा नहीं लिया और अपने ऊपर लगे आरोपों से खुद को अलग बताया।

शिक्षक से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर

पेशे से शिक्षक रहे आशीष बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वह वर्ष 2001 से 2026 तक लगातार रामपुरहाट विधानसभा सीट से विधायक रहे। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में उन्होंने स्कूली शिक्षा मंत्री और कृषि मंत्री के साथ-साथ विधानसभा के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

अपने सुसाइड नोट में उन्होंने अपने लंबे करियर का हवाला देते हुए लिखा कि उन्होंने पूरी जिंदगी ईमानदारी से काम किया और बिना फीस लिए छात्रों को पढ़ाया। उन्होंने तारापीठ रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी में खुद को दरकिनार किए जाने और अपनी छवि खराब करने की कोशिश का भी उल्लेख किया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद सुसाइड नोट समेत घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.