पिता प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर देखते ही बिलख पड़ीं बेटियां, मां अपर्णा यादव ने संभाला, माहौल हुआ गमगीन

0 23

लखनऊ: दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद परिवार में शोक की लहर है। बुधवार को जब प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पिता को अंतिम बार देखकर उनकी बेटियां फफक-फफक कर रो पड़ीं। इस भावुक पल में मां अपर्णा यादव ने अपनी बेटियों को संभाला, लेकिन परिवार का दर्द देखकर आसपास मौजूद लोग भी खुद को रोक नहीं सके।

घर में मातम का माहौल था और हर तरफ शोक और सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया। परिवार के करीबी और समर्थक लगातार सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई शुरुआती वजह

प्रतीक यादव की मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत का कारण पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म बताया गया है। यह ऐसी स्थिति होती है जिसमें फेफड़ों की नस में खून का बड़ा थक्का जम जाता है, जिससे हृदय का काम अचानक प्रभावित हो जाता है।

डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि के लिए हार्ट और विसरा के नमूने सुरक्षित रखे हैं और उनकी केमिकल जांच की जा रही है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि प्रतीक यादव के शरीर पर पुराने चोट के निशान मिले हैं। उनके बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ा हुआ था।

विसरा को विस्तृत जांच के लिए भेजा गया है ताकि किसी जहरीले पदार्थ या अन्य रसायन की संभावना की भी पुष्टि की जा सके।

अस्पताल ले जाते समय हुई थी मौत

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद 38 वर्षीय प्रतीक यादव को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। डॉक्टरों का कहना है कि वह पहले से कई बीमारियों से जूझ रहे थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर हृदय गति रुकने को मौत की वजह माना है। हालांकि अंतिम और स्पष्ट कारण विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।

कल होगा अंतिम संस्कार

परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12 बजे के बाद लखनऊ के भैंसाकुंड श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में समर्थकों और परिचितों के पहुंचने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.