दिल्ली-एनसीआर Weather Update: अगले 7 दिन राहत या उमस? IMD ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान

0 20

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले पूरे सप्ताह राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिल सकती है, हालांकि उमस पूरी तरह खत्म होने के आसार नहीं हैं।

पूरे सप्ताह बादल और हल्की बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन नमी अधिक होने के कारण कुछ समय के लिए उमस महसूस हो सकती है।

आज कितना रहेगा तापमान?

आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही।

20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर की हवा फिलहाल संतोषजनक

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शनिवार सुबह 7 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 69 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है। वहीं फरीदाबाद का AQI 88, गुरुग्राम का 83, गाजियाबाद का 75, ग्रेटर नोएडा का 72 और नोएडा का 78 दर्ज किया गया। अधिकांश क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता 100 से नीचे रही, जबकि कुछ स्थानों पर AQI 100 से 200 के बीच दर्ज किया गया।

उमस से पूरी राहत अभी नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि हल्की बारिश और बादलों के बावजूद अगले कुछ दिनों तक लोगों को बीच-बीच में उमस का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि लगातार बारिश की संभावना के चलते तापमान में अधिक बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.