लखनऊ में बिरयानी के पीस पर विवाद हिंसक, रेस्टोरेंट मालिक और कर्मचारियों ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; वीडियो वायरल

0 396

लखनऊ: इंजीनियरिंग कालेज चौराहे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। रेस्टोरेंट संचालक और उनके कर्मचारी ग्राहकों पर लोहे की रॉड से टूट पड़े और बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। इस हिंसक घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मड़ियांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

टेढ़ी पुलिया निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात वह अपने साथी मोहम्मद आमिर के साथ मुगलई जायका रेस्टोरेंट से बिरयानी पैक करा रहे थे। इसी दौरान रेस्टोरेंट मालिक रिजवान से बिरयानी के पीस को लेकर विवाद हुआ। सूरज ने पीस बदलने की बात कही, जिससे रिजवान ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर रिजवान ने अपने साथी जमीर और अन्य लगभग दस कर्मचारियों के साथ मिलकर सूरज और आमिर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से सूरज के सिर पर वार किया, जिससे सिर फट गया और हाथ टूट गया। गंभीर चोट के कारण सूरज मौके पर बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने आए अधिवक्ता देवेंद्र प्रताप सिंह को भी हमलावरों ने पीट दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। वहीं, मोहम्मद आमिर भी अचेत हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को थाने लाया गया और वहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

वीडियो वायरल, गिरफ्तारी नहीं हुई

गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि रेस्टोरेंट के मालिक और कर्मचारी मिलकर ग्राहकों पर हमला कर रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की है और मामले को फिलहाल ठंडा करने में जुटी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.