गौतमबुद्धनगर में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गौतमबुद्धनगर: मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति-शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान ओपीडी, आईपीडी, संस्थागत प्रसव, वीएबी वैक्सीन, MaNTra-MIS, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, मातृत्व स्वास्थ्य, ई-कवच, ई-संजीवनी, एचपीवी वैक्सीन, क्षय रोग कार्यक्रम, दवाइयों की उपलब्धता, बाह्य एवं भर्ती मरीजों और एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित चिकित्सा इकाइयों के चिकित्सा अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और एमओआईसी को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
वीएबी परिवारों की लाइन लिस्टिंग के निर्देश
वीएबी की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एचएससी और एएनएम क्षेत्रों में वीएबी परिवारों की लाइन लिस्टिंग तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी सूची ब्लॉक स्तर पर भी उपलब्ध रखी जाए।
जिन क्षेत्रों में तीन से अधिक वीएबी परिवार हैं, वहां ब्लॉक रिस्पांस टीम की नियमित आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों के अधिकारियों का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने एमओआईसी को निर्देशित किया कि बीडब्ल्यूआर और एएनएम बैठकों में हर सप्ताह वीएबी की प्रगति की समीक्षा की जाए। लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जननी सुरक्षा योजना में समय पर भुगतान पर जोर
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि एएनसी पंजीकरण के समय ही आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिला को बैंक खाता खुलवाने में सहयोग करें। एएनसी-1 से एएनसी-4 जांच और सीआई-वी/यूएचएसएनडी सत्रों के दौरान एएनएम द्वारा बैंक खाते के विवरण का सत्यापन किया जाए।
प्रसव केंद्र पर नर्सिंग स्टाफ को लाभार्थी के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें MaNTra पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को समय से जेएसवाई का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
एमडीआर और आरआर टीबी मरीजों की निगरानी के निर्देश
क्षय रोग कार्यक्रम की समीक्षा में एमडीआर और आरआर टीबी मरीजों की पहचान, जांच और उपचार की स्थिति की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने उपचाररत मरीजों की नियमित निगरानी करने और उन्हें निर्धारित समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हेल्थ सेंटरों पर सेवाएं मजबूत करने पर जोर
हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। ई-कवच की सभी जरूरी प्रविष्टियां समय से पूरी कराने को कहा गया।
इसके साथ ही ई-संजीवनी के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र मरीजों को टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पात्र बालिकाओं के शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण के निर्देश
एचपीवी वैक्सीन की समीक्षा के दौरान पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यू-विन के निर्धारित सत्रों को पूरा कराने और टीकाकरण से संबंधित विवरण समय से पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया।
इसके अलावा हेड काउंट सर्वे को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
दवाओं की उपलब्धता और एंबुलेंस सेवाओं की नियमित निगरानी
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनके वितरण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। जरूरतमंद मरीजों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने के साथ सभी एंबुलेंस की उपलब्धता और संचालन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. झा, डीआईओ डॉ. आर.के. सिरोहा, डीटीओ आर.पी. सिंह, डीएमओ श्रुति किर्ति वर्मा, डीपीएम मंजीत कुमार सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।