देश पर मौसम का डबल अटैक! IMD का रेड अलर्ट जारी, यूपी समेत कई राज्यों में विनाशकारी तूफान और मूसलाधार बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली: देशभर में मौसम अचानक बेहद खतरनाक और संवेदनशील होता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों को बेहद अहम बताते हुए कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत और पूर्वी राज्यों तक तेज आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने लगा है।
आईएमडी के मुताबिक, अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मॉनसून की गतिविधियां मजबूत हुई हैं और अगले दो से तीन दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसी बीच उत्तर-पश्चिम भारत में खतरनाक चक्रवाती हवाओं और भारी बारिश को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश को लेकर सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान आने की आशंका है। इसके साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 30 मई को भी पूरे प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली-हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बिगड़ेगा मौसम
आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भी गंभीर अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 30 मई को भी इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी।
बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश का खतरा
बिहार में आज कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। 30 मई को भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि 31 मई और 1 जून को हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
झारखंड में भी 31 मई तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आने की आशंका जताई गई है। इसके बाद 1 से 3 जून तक राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा
उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई तक पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना है। पहाड़ों पर सक्रिय मौसम प्रणाली का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का कहर
आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में आज लू का अंतिम असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद पूरे राज्य में मौसम तेजी से बदलने वाला है। आज और कल मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। 31 मई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
छत्तीसगढ़ में भी 31 मई तक तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 1 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट संभव
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।