यूपी में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में पारा 48 डिग्री के पार; कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

0 17

लखनऊ: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जबकि बांदा देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है। यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि दुनिया के सबसे गर्म 50 शहरों में अकेले उत्तर प्रदेश के 26 शहर शामिल बताए जा रहे हैं।

बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, जौनपुर, गोरखपुर, इटावा और मुजफ्फरनगर समेत प्रदेश का बड़ा हिस्सा भीषण गर्मी से झुलस रहा है। कई इलाकों में दिन के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

10 जिलों में रेड अलर्ट जारी

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 10 जिलों के लिए भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर में गंभीर लू चलने की आशंका है।

इन जिलों में लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलने से बचने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

34 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 34 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, झांसी, महोबा और ललितपुर समेत कई जिले शामिल हैं।

इन इलाकों में तेज लू और गंभीर गर्मी की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया गया है।

17 जिलों में येलो अलर्ट

देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर और बदायूं समेत 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी लू चलने की संभावना जताई गई है।

अगले 48 घंटे और मुश्किल भरे

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी बीएचयू में 45.6 डिग्री, सुल्तानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री तथा झांसी में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा है।

गर्मी से बेहाल लोग, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

भीषण गर्मी के चलते अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.