नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने वायुसेना की नौकरी छोड़ दी है और अब क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 के साथ पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अभिनंदन ने अगस्त महीने में गोवा स्थित इस एयरलाइन में पायलट के रूप में काम शुरू किया है।
एयरलाइन ने निजी जानकारी बताकर टिप्पणी से किया इनकार
अभिनंदन वर्धमान के फ्लाई91 से जुड़ने को लेकर एयरलाइन के प्रवक्ता ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। प्रवक्ता का कहना है कि कर्मचारियों से जुड़ी निजी जानकारी एक व्यक्तिगत मामला है। इसी वजह से एयरलाइन में अभिनंदन की भूमिका को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
फ्लाई91 ने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन के बेड़े में फिलहाल 6 विमान हैं और इसके दो परिचालन केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं।
2019 में पाकिस्तानी F-16 को मार गिराने के बाद आए थे सुर्खियों में
अभिनंदन वर्धमान साल 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई हवाई मुठभेड़ के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला किया था। इसके अगले दिन 27 फरवरी को पाकिस्तान ने भारतीय ठिकानों पर हमला करने के लिए अपने लड़ाकू विमान भेजे थे।
इस दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ दिया था। हवाई मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन ने अपने मिग-21 लड़ाकू विमान से पाकिस्तानी वायुसेना के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। हालांकि, इसके बाद उनका मिग-21 भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और वह पाकिस्तान की सीमा में चले गए।
तीन दिन बाद पाकिस्तान ने किया था रिहा
विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अभिनंदन को पाकिस्तान ने हिरासत में ले लिया था। भारत सरकार के दबाव के बाद पाकिस्तान ने तीन दिन बाद उन्हें रिहा कर दिया था। उनकी वापसी के बाद देशभर में उनका जोरदार स्वागत हुआ था।
अभिनंदन को मिला था वीर चक्र
साल 2021 में अभिनंदन वर्धमान को वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। वीर चक्र युद्धकाल में दिए जाने वाला देश का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। उन्हें यह सम्मान कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के प्रदर्शन के लिए दिया गया था।