चूहा-छछूंदर नियंत्रण को लेकर किसानों को किया जा रहा जागरूक, 82 ग्राम पंचायतों में चलेगा अभियान

0 16

गौतमबुद्धनगर: संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के तृतीय चरण के तहत कृषि विभाग की ओर से जिले में चूहा और छछूंदर नियंत्रण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद के तीन विकास खंडों की कुल 82 ग्राम पंचायतों में जन जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को चूहा और छछूंदर से होने वाले रोगों की रोकथाम तथा इनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने बताया कि संचारी रोगों के प्रसार में अन्य कारकों के साथ चूहा और छछूंदर भी जिम्मेदार हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग की ओर से इनके नियंत्रण के लिए जागरूकता और नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है।

घरों और आसपास सफाई रखने की अपील

कृषकों से आवासीय घरों और उनके आसपास के क्षेत्रों को चूहा एवं छछूंदर से मुक्त रखने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही झाड़ियों, कूड़े-कचरे और अन्य स्थानों पर बने बिलों की नियमित निगरानी करने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

रसायनों के इस्तेमाल में सावधानी जरूरी

किसानों को चूहा नियंत्रण के लिए विभाग द्वारा अनुमोदित रसायनों और चारे का इस्तेमाल निर्धारित सावधानियों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार करने की जानकारी दी जा रही है। रसायनों का प्रयोग करते समय बच्चों और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मात्रा, विधि और सावधानियों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है।

छह दिन की प्रक्रिया से कराया जा रहा अवगत

जागरूकता अभियान के दौरान किसानों को चूहा नियंत्रण की छह दिवसीय प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। पहले दिन घरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर चूहों के सक्रिय बिलों को चिन्हित करने की प्रक्रिया बताई गई। दूसरे और तीसरे दिन खुले बिलों की पहचान कर बिना विष वाला चारा रखने की जानकारी दी गई।

चौथे दिन विभागीय निर्देशों के अनुसार अनुमोदित विषाक्त चारे का प्रयोग करने को बताया गया। पांचवें दिन बिलों का निरीक्षण कर मृत चूहों का सुरक्षित निस्तारण करने और छठे दिन बिलों को दोबारा बंद करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके बाद भी यदि बिल खुले पाए जाते हैं तो निर्धारित प्रक्रिया को दोहराने की जानकारी किसानों को दी जा रही है।

सफाई और संचारी रोगों की रोकथाम पर भी जोर

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान किसानों को चूहा और छछूंदर नियंत्रण के साथ आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता बनाए रखने और घरों के आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।

कृषि विभाग की ओर से जनपद की सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को चूहा और छछूंदर नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.