नशे पर नकेल कसने के लिए गौतमबुद्धनगर में प्रशासन का बड़ा प्लान, युवाओं को जागरूक करने से लेकर नशे के स्रोतों पर कार्रवाई के निर्देश
गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने नशीले पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध नशे पर प्रभावी रोकथाम के लिए नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। इसके साथ ही आम लोगों और खासकर युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में व्यापक स्तर पर जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ आरडब्ल्यूए सोसाइटी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को अभियान से जोड़कर जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा।
नशे के स्रोतों पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के स्रोतों पर प्रभावी रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
अधिकारियों ने साझा की अब तक की कार्रवाई
बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से की गई कार्रवाई और नशा मुक्ति अभियान के तहत चलाए गए प्रचार-प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से आम लोगों और युवाओं को बचाने के लिए विभिन्न सुझाव भी रखे।
जिलाधिकारी ने समिति की ओर से दिए गए सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और जनपद को नशीले पदार्थों से मुक्त बनाने की दिशा में सभी विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की श्वेता खुराना सहित पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।