Gold Silver Rate: सोना-चांदी बाजार में बड़ा भूचाल, गोल्ड 3000 रुपये टूटा, सिल्वर 17 हजार रुपये तक लुढ़की

0 19

नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे सर्राफा बाजार से लेकर वायदा कारोबार तक हलचल मच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर सोना करीब 3000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट गया, जबकि चांदी में 17 हजार रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। अचानक आई इस बड़ी कमजोरी ने निवेशकों और कारोबारियों दोनों को चौंका दिया है।

सुबह करीब 11 बजे तक एमसीएक्स पर सोने के दाम में लगभग 2500 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि चांदी करीब 12 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक फिसल चुकी थी। इसके बाद बिकवाली का दबाव और बढ़ता गया। सुबह 11 बजकर 4 मिनट पर चांदी के भाव 13,667 रुपये टूटकर 2,77,435 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। वहीं 5 जून एक्सपायरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 2,858 रुपये गिरकर 1,59,120 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।

लगातार बढ़ती गई गिरावट

बाजार खुलने के बाद से ही सोना और चांदी दबाव में नजर आए, लेकिन कुछ ही देर में गिरावट ने और रफ्तार पकड़ ली। करीब 11 बजकर 20 मिनट तक सोना 3000 रुपये से ज्यादा टूट चुका था, जबकि चांदी में गिरावट 17 हजार रुपये के पार पहुंच गई। कारोबारियों के मुताबिक बाजार में तेज उतार-चढ़ाव के चलते निवेशकों में बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद दिखी थी तेजी

कुछ दिन पहले सरकार द्वारा गोल्ड और सिल्वर पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद दोनों धातुओं में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। 13 मई को कारोबार के दौरान सोने की कीमतों में एक ही दिन में करीब 11 हजार रुपये तक का उछाल दर्ज किया गया था। वहीं चांदी के दाम भी बढ़कर 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गए थे।

हालांकि 14 मई को बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा, लेकिन 15 मई को तस्वीर पूरी तरह बदल गई। शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों में तेज बिकवाली देखने को मिली और कीमतें बड़ी गिरावट के साथ नीचे आ गईं।

रिटेल बाजार में भी टूटी कीमतें

वायदा बाजार के साथ-साथ खुदरा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बुलियन बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सोना 2,820 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,59,830 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी 16,780 रुपये टूटकर 2,74,980 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

देश के प्रमुख शहरों में भी सर्राफा बाजार में सोना और चांदी कमजोर बने रहे। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले कारोबारी सत्रों में भी कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.