गुरमीत राम रहीम एक बार फिर 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर, 14वीं बार मिली रिहाई

0 2,765

नई दिल्ली/रोहतक: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर सुनारिया जेल से बाहर आ गया है। इस बार उन्हें 40 दिन की पैरोल दी गई है। 5 अगस्त को जेल से रिहा होने के बाद वे पुलिस सुरक्षा में अपने सिरसा स्थित डेरे के लिए रवाना हुए। राम रहीम को इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो मिली थी। अब तक वह 14 बार जेल से बाहर आ चुके हैं। इस साल 1 जनवरी से 14 सितंबर तक के चार महीने की अवधि में वह 91 दिन जेल से बाहर रहेंगे।

डेरा प्रमुख साल 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं। उन्हें पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत ने साध्वियों से बलात्कार और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में दोषी ठहराया था। उन्हें 20-20 साल की दो सजाएं सुनाई गई हैं।

पैरोल की शर्तों के तहत राम रहीम सिरसा डेरे में ही रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस बार पैरोल की अवधि के दौरान वह 15 अगस्त को अपना 58वां जन्मदिन मनाएंगे और डेरे में पूरे महीने कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले अप्रैल में पैरोल के दौरान 29 अप्रैल को डेरा स्थापना दिवस भी मनाया गया था। गौरतलब है कि राम रहीम को पहले भी चुनावी या धार्मिक आयोजनों से पहले पैरोल मिलती रही है। फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें 30 दिन की पैरोल मिली थी।

राम रहीम की बार-बार पैरोल पर रिहाई को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। विपक्षी दलों और मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि सरकारें डेरा समर्थकों के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक लाभ के लिए राहत देती हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.