सुखबीर बादल पर हमले को लेकर हरसिमरत कौर का बड़ा कदम, अमित शाह को चिट्ठी लिखकर NIA जांच की मांग

0 23

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में हुए हमले को लेकर पार्टी सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने इस हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। हरसिमरत कौर ने पत्र में कहा है कि वर्ष 2024 में भी सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला हुआ था और दो बार हत्या की कोशिश की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आशंका जताई है कि इन घटनाओं के पीछे कोई बड़ी अंतर-राज्यीय या अंतरराष्ट्रीय साजिश हो सकती है।

हरसिमरत कौर ने बताईं NIA जांच की तीन वजहें

हरसिमरत कौर बादल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में गृह मंत्री को लिखे पत्र की तीन प्रमुख बातों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों हमले पवित्र गुरुघरों में उस समय हुए, जब सुखबीर बादल धार्मिक सेवा में लगे हुए थे। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार को दोनों घटनाओं से जुड़े कई सवालों के जवाब देने होंगे, क्योंकि दोनों हमलों के बीच एक स्पष्ट पैटर्न नजर आता है।

हरसिमरत कौर ने यह भी आशंका जताई कि बार-बार होने वाले ऐसे हमलों का उद्देश्य दुनियाभर में पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचाना और सिख समुदाय को बदनाम करना हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमलों की गंभीरता, उनके बीच दिखाई देने वाले पैटर्न और परिस्थितियों को देखते हुए एनआईए से गहन जांच कराए जाने की जरूरत है।

‘हमला करने वाले को सिख नहीं कहा जा सकता’

इससे पहले शनिवार को भी हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इस घटना को सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया था। हरसिमरत कौर ने कहा था कि इसके पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें सिख नहीं कहा जा सकता।

कृपाण से किया गया था सुखबीर बादल पर हमला

सुखबीर सिंह बादल पर बीते गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के भीतर हमला किया गया था। निहंग समुदाय के एक सदस्य ने उन पर कृपाण से हमला किया था। इस घटना में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट आई थी। हमले के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

पति पर हमले का जिक्र करते हुए भावुक हुईं हरसिमरत

पंजाब के खन्ना में गोवा मुक्ति आंदोलन के नेता करनैल सिंह इसरू की याद में आयोजित कार्यक्रम में भाषण के दौरान हरसिमरत कौर बादल अपने पति पर हुए हमले का जिक्र करते हुए भावुक हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि पिछले 48 घंटे उनके और उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उस कार्यक्रम में उन्हें नहीं, बल्कि सुखबीर बादल को मौजूद होना था, लेकिन उनके साथ हुई घटना के कारण ऐसा नहीं हो सका।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.