उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर: लखनऊ समेत 35 जिलों में लू का अलर्ट, रविवार से मिल सकती है राहत की उम्मीद

0 29

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के पूरब से लेकर पश्चिम तक के इलाके लू की चपेट में हैं। बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश सीमा से सटे दक्षिणी जिलों में गर्म हवाओं और तेज लू के थपेड़ों ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने बुधवार से शनिवार तक राज्य के 35 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, राहत की खबर यह है कि रविवार से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।

चार दिन तक राहत के आसार नहीं, तापमान में लगातार उछाल

मंगलवार को प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड स्तर को छू लिया। बांदा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। सुल्तानपुर में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और लगातार तीसरे दिन यह राज्य के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा। प्रयागराज में भी पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी लखनऊ में तापमान में हल्की गिरावट देखी गई, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में लखनऊ का पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

रविवार से मौसम में बदलाव के संकेत, राहत की उम्मीद

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में शुष्क पछुआ हवाओं के चलते लू की स्थिति बनी हुई है। लेकिन रविवार से एक नया मौसमीय विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने जिन जिलों में लू चलने की संभावना जताई है उनमें लखनऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

प्रदेश में अगले कुछ दिन गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है, ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.