दिल्ली में लू का कहर, तो 13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट; मौसम विभाग ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान

0 32

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है। कहीं भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, तो कहीं तेज आंधी और बारिश का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 10 मई को लेकर बड़ा अपडेट जारी करते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 मई को लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में लू चलने की संभावना है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में उमस के बाद बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उमस बढ़ने के बाद मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 12 से 14 मई के बीच बारिश और तेज तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बिहार के कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी

बिहार में भी मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 10 से 15 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, किशनगंज और खगड़िया समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

पंजाब में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

पंजाब में भी 10 से 14 मई के बीच मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने होशियारपुर, लुधियाना, पठानकोट, कपूरथला, अमृतसर, बठिंडा, मोगा, तरन तारन, मुक्तसर और जालंधर में मध्यम से भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदल सकता है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की आशंका

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 10 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, 11 से 14 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.