बस्ती में खूनी इश्क का खौफनाक अंत, बेटी ने प्रेमी संग मिलकर पिता को हंसिये से मारा फिर गमछे से घोंटा गला
बस्ती: बस्ती में प्रेम प्रसंग का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। दोनों ने पहले उन पर हंसिये से हमला किया और इसके बाद गमछे से गला घोंट दिया। वारदात के बाद बेटी और उसका प्रेमी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
प्रेम प्रसंग का पिता कर रहे थे विरोध
छावनी थाना क्षेत्र के रामापुर तिवारी गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्णा अपनी बेटी के प्रेम संबंध का लगातार विरोध कर रहे थे। परिवार की इज्जत और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर उन्होंने बेटी और उसके प्रेमी को कई बार समझाने की कोशिश की थी। आरोप है कि दोनों ने पिता को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।
चारा काटने गए थे, वहीं कर दी हत्या
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कृष्णा पशुओं के लिए चारा काटने दुबौलिया थाना क्षेत्र के बभरौली नहर के पास गए थे। आरोप है कि इसी दौरान बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। पहले हंसिये से वार किया गया और फिर दोनों ने गमछे से उनका गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा
मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बेटी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। क्षेत्राधिकारी कलवारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।