आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा मुख्‍यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन

0 582

नई दिल्‍ली : आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं (AAP Workers) ने भाजपा मुख्‍यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन किया । दिल्‍ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की आज यहां राउज एवेन्‍यू कोर्ट में पेशी से पहले अदालत के बाहर सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिये हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्‍ली आबकारी नीति घोटाला मामले में उन्‍हें बुधवार शाम गिरफ्तार किया था।

आप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, नेताओं और विधायकों ने गुरुवार को पार्टी मुख्‍यालय पर एकत्र होकर भाजपा और ईडी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने डीडीयू मार्ग स्थित आप कार्यालय के बाहर बैरिकेड लगा दिए, जो राउज एवेन्यू कोर्ट से कुछ ही दूरी पर है।

सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के चलते भाजपा मुख्यालय के बाहर भी भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) देपेंद्र पाठक ने कहा कि उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। स्पेशल सीपी ने कहा, “पुलिस अधिकारी आप नेताओं के संपर्क में हैं और उनसे बातचीत कर रहे हैं।”

ईडी के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सिंह को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उन्होंने अधिक जानकारी साझा नहीं की। वित्तीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बुधवार को नॉर्थ एवेन्यू इलाके में उनके आवास पर 10 घंटे से अधिक समय तक तलाशी लेने के बाद राज्‍य सभा सांसद को गिरफ्तार किया था।

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के बाद कथित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार होने वाले सिंह आप के दूसरे शीर्ष नेता हैं। सिसौदिया को इस साल फरवरी में सीबीआई ने और बाद में मार्च में ईडी ने गिरफ्तार किया था। ईडी ने मामले में चार आरोप पत्र दायर किए हैं। इनमें सिंह के नाम का भी उल्लेख किया है। ईडी ने आबकारी नीति मामले में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर पिछले साल अगस्त में दर्ज की गई सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.