‘अगर पाकिस्तान ने नजर उठाई तो अंजाम पहले से भी बड़ा होगा’, राजनाथ सिंह की सख्त चेतावनी

0 10

जयपुर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर बेहद सख्त बयान दिया है। जयपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान ने दोबारा भारत की तरफ नजर उठाकर देखने की भी कोशिश की, तो “जो अब तक नहीं हुआ है, वह होकर रहेगा।” उनके इस बयान को भारत की ओर से आतंकवाद और सीमा पार गतिविधियों पर कड़ा संदेश माना जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने पूरी दुनिया को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि आतंकवाद को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नीति शुरू से ही भारत सरकार की प्राथमिकता रही है और अब देश आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की रणनीति पर आगे बढ़ रहा है।

‘हम छेड़ते नहीं, लेकिन छोड़ते भी नहीं’

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत किसी को उकसाने या छेड़ने की नीति में विश्वास नहीं करता, लेकिन अगर कोई देश या आतंकी संगठन भारत के खिलाफ साजिश रचता है, तो उसे बख्शा भी नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा, “हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ता है तो हम उसे छोड़ते भी नहीं हैं।” राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेनाओं द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने नया इतिहास रचा है और इससे दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता और संकल्प का संदेश मिला है।

पहलगाम आतंकी हमले का किया जिक्र

अपने संबोधन के दौरान रक्षा मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया, जो बेहद कायराना और अमानवीय कृत्य था।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति कभी भी जाति, धर्म या मजहब के आधार पर भेदभाव की इजाजत नहीं देती। उन्होंने कहा, “हम इंसाफ और इंसानियत में विश्वास रखते हैं, लेकिन पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादी लोगों से धर्म पूछकर गोलियां बरसा रहे थे। इस घटना से पूरा देश गुस्से में था।”

‘अब भारत चुप रहने वाला देश नहीं’

रक्षा मंत्री ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन के होश उड़ गए। उन्होंने कहा कि अब भारत पहले जैसा नहीं रहा और देश ने साफ कर दिया है कि नागरिकों पर हमला करने वालों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “हमने यह साबित कर दिया कि अब भारत चुपचाप सहने वाला देश नहीं है। अगर कोई हमारे नागरिकों पर हमला करेगा, तो हम उसके घर में घुसकर जवाब देंगे।”

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.