IMD Weather Alert: यूपी से तमिलनाडु तक आज बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने की संभावना

0 28

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर समेत अनेक राज्यों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 14 अक्टूबर को उत्तर से दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है।

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में आज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में व्यापक वर्षा के आसार बने हुए हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा का भी अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम अनुकूल रहने पर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।

यूपी-राजस्थान समेत कई राज्यों पर भी मौसम की नजर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी वर्षा होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। वहीं अंदरूनी कर्नाटक में 14 से 18 अक्टूबर के बीच बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी दिल्ली में आज हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिनभर हल्की हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.