इमरान खान को फिर अदियाला जेल लाया गया, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अस्पताल में हुई जांच; कड़ी सुरक्षा में रखा गया था बाहर

0 32

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में जांच के बाद वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। इससे पहले उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया था। इमरान खान को अस्पताल ले जाने के दौरान आसपास के इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी और मीडिया को भी अस्पताल से दूर रखा गया। अस्पताल परिसर के भीतर पाकिस्तानी सेना और पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल ले जाए गए थे इमरान

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इमरान खान को शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया था। अदालत ने उनकी बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में इमरान खान की सेहत, जीवन के अधिकार और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच को संवैधानिक गारंटी से जोड़ते हुए इलाज उपलब्ध कराने की बात कही थी।

अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि इमरान खान के परिवार के सदस्यों को सप्ताह में एक बार उनसे मिलने की व्यवस्था की जाए। इसके बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया।

शहबाज सरकार ने दाखिल की थी पुनर्विचार याचिका

सुप्रीम कोर्ट के इमरान खान के पक्ष में आदेश के बाद पाकिस्तान सरकार ने फैसले पर पुनर्विचार की मांग की थी। हालांकि अदालत के रजिस्ट्रार कार्यालय ने अधूरे दस्तावेज और पेपर बुक से जुड़ी कमियों का हवाला देते हुए पुनर्विचार याचिका वापस कर दी थी।

इससे पहले मंगलवार को पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने करीब तीन साल से जेल में बंद इमरान खान को 48 घंटे के भीतर निजी अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था। मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने कहा था कि इमरान खान की हालत ठीक नहीं है और उन्हें बेहतर उपचार मिलना उनका अधिकार है। अदालत ने सरकार को इस्लामाबाद स्थित शिफा अस्पताल में उनका इलाज कराने का निर्देश दिया था।

हालांकि बुधवार को शहबाज शरीफ सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के इसी आदेश पर दोबारा विचार करने की अपील की थी।

PTI नेता का आरोप- इमरान जेल से बाहर आए तो खतरे में पड़ेगी सरकार

इस पूरे घटनाक्रम के बीच पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता जुनैद अकबर ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पाकिस्तान सरकार इमरान खान से राजनीतिक तौर पर डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर इमरान जेल से बाहर आते हैं तो शहबाज शरीफ सरकार के लिए राजनीतिक संकट खड़ा हो सकता है।

जुनैद अकबर का आरोप है कि इसी वजह से सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने से बचने के रास्ते तलाश रही है।

PTI बोली- सेहत से ज्यादा इमरान की सियासत की चिंता

इमरान खान की सेहत को लेकर पाकिस्तान में राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। PTI लगातार आरोप लगा रही है कि सरकार को इमरान खान के स्वास्थ्य से ज्यादा उनकी राजनीतिक ताकत की चिंता है।

पार्टी का आरोप है कि शहबाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर नहीं चाहते कि इमरान खान किसी भी स्थिति में जेल से बाहर आएं। PTI के मुताबिक, इमरान खान की लोकप्रियता सरकार और सत्ता प्रतिष्ठान के लिए चुनौती बनी हुई है। पार्टी समर्थकों का दावा है कि जेल से बाहर आने पर इमरान खान सरकार के सामने बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.