उत्तराखंड में दिसंबर तक 15 हजार से ज्यादा परिवारों को मिलेगी पक्की छत, CM धामी का लक्ष्य- हर पात्र परिवार का हो अपना घर

0 25

देहरादून: उत्तराखंड में अपने घर का सपना देख रहे हजारों परिवारों के लिए राहत की खबर है। दिसंबर तक राज्य में 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी को गति दी है। आवास विभाग ने लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक की समयसीमा तय की है।

15,496 आवासों का निर्माण, 12,948 घर तैयार

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत राज्य में कुल 18 परियोजनाओं के अंतर्गत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के मुताबिक, इनमें से करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

अब तक 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं। लंबित आवासीय परियोजनाओं को 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए हैं।

ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा 10,200 मकान

योजना के तहत सबसे ज्यादा 10,200 मकान ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग योजना के 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर जसपुर में 1,264, उकरौली-1 सितारगंज में 1,168, उकरौली-2 सितारगंज में 864 और कनकपुर काशीपुर में 1,256 आवास बनाए जा रहे हैं।

मटकोटा रुद्रपुर में 928, श्यामनगर गदरपुर में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर काशीपुर में 512 और गंगापुर गोसाल काशीपुर में 584 आवास पात्र लाभार्थियों को मिलेंगे।

हरिद्वार में 4,528 आवासों का निर्माण

हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी बेलड़ी रुड़की में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।

नैनीताल और देहरादून में भी निर्माण जारी

नैनीताल जिले के उम्मेदनगर रामनगर में योजना के तहत सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं देहरादून जिले में धौलास हाउसिंग योजना के तहत कुल 240 आवास बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 180 का निर्माण पूरा हो गया है।

CM धामी बोले- हर पात्र परिवार तक पहुंचे योजना का लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिला है। पात्र परिवारों की सहायता के लिए योजना में राज्य सरकार की हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.