IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड के बीच 12 मुकाबलों की मेगा सीरीज का ऐलान, टी20, वनडे और टेस्ट का पूरा कार्यक्रम जारी
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम इस साल अक्टूबर में न्यूजीलैंड के लंबे दौरे पर रवाना होगी। दोनों टीमों के बीच तीनों प्रारूपों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। दौरे की शुरुआत टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से होगी, जिसके बाद वनडे और फिर टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे। यह दौरा अक्टूबर से शुरू होकर दिसंबर की शुरुआत तक चलेगा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली यह सीरीज कई मायनों में खास मानी जा रही है। एक ओर वनडे मुकाबले आगामी विश्व कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से अहम होंगे, वहीं टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी।
22 अक्टूबर से शुरू होगी टी20 सीरीज
दौरे का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज निर्धारित है। आखिरी टी20 मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। इस सीरीज में दोनों टीमें युवा खिलाड़ियों और प्रमुख सितारों के संयोजन के साथ मैदान पर उतर सकती हैं।
वनडे सीरीज पर भी रहेंगी निगाहें
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच वनडे मैचों में आमने-सामने होंगी। वनडे श्रृंखला का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा, जबकि अंतिम मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में होगा। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम होंगे मुकाबले
वनडे सीरीज के बाद दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह दौरा परीक्षा से कम नहीं होगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास का सबसे लंबा दौरा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे यह न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास के सबसे लंबे द्विपक्षीय दौरों में शामिल हो जाएगा। साल 2019 के बाद पहली बार भारतीय टीम न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज खेलेगी।
भारत बनाम न्यूजीलैंड: पूरा कार्यक्रम
टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज
- पहला टी20 : 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
- दूसरा टी20 : 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
- तीसरा टी20 : 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
- चौथा टी20 : 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
- पांचवां टी20 : 1 नवंबर, हैमिल्टन
वनडे सीरीज
- पहला वनडे : 4 नवंबर, ऑकलैंड
- दूसरा वनडे : 7 नवंबर, वेलिंगटन
- तीसरा वनडे : 10 नवंबर, हैमिल्टन
- चौथा वनडे : 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई
- पांचवां वनडे : 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई
टेस्ट सीरीज
- पहला टेस्ट : 19 से 23 नवंबर, वेलिंगटन
- दूसरा टेस्ट : 27 नवंबर से 1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च