भारत-इंडोनेशिया रिश्तों को मिली नई मजबूती, रक्षा से कृषि और ब्रह्मोस तक कई अहम समझौतों पर लगी मुहर

0 20

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दूसरे दिन भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच हुई वार्ता में रक्षा, सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, उद्योग और समुद्री सहयोग सहित कई क्षेत्रों में सहमति बनी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्देका में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से भी सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री ने सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों को किया समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मान के लिए इंडोनेशिया और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच साझेदारी का एक गौरवशाली इतिहास रहा है और दोनों देश हर क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।

रक्षा, सुरक्षा और ब्रह्मोस मिसाइल सहयोग पर बनी सहमति

दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी। इसी क्रम में इंडोनेशिया की सेना को ब्रह्मोस मिसाइलों की आपूर्ति से संबंधित समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा रक्षा आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कृषि, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में बढ़ेगा सहयोग

बैठक के दौरान कृषि क्षेत्र में भी कई अहम समझौते हुए। भारत में विकसित गेहूं के बीज इंडोनेशिया को उपलब्ध कराने पर सहमति बनी, जिससे वहां की खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। दोनों देशों ने सतत खेती और कृषि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुभव और सर्वोत्तम तकनीकों को साझा करने का भी निर्णय लिया।

इसके अलावा चिकित्सा उत्पादों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे भारत की किफायती दवाइयां इंडोनेशिया तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगी। भारत इंडोनेशिया के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के क्षमता विकास में भी सहयोग करेगा।

तकनीक, एआई और स्टार्टअप पर भी बने नए समझौते

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी तकनीक आधारित है और दोनों देशों के युवाओं में नवाचार की अपार क्षमता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, दूरसंचार, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं। दोनों देश स्टार्टअप सहयोग को भी और मजबूत करेंगे। साथ ही इंडोनेशिया में भारतीय प्रबंधन संस्थान, बेंगलुरु का परिसर स्थापित करने की योजना पर भी सहमति बनी।

समुद्री सुरक्षा और खनिज क्षेत्र में भी साझेदारी मजबूत

भारत और इंडोनेशिया ने समुद्री सुरक्षा और समुद्री संरक्षा के क्षेत्र में सहयोग की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। इसके अलावा स्टील आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए खनिज और प्रौद्योगिकी से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को और व्यापक बनाना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.