INDIA गठबंधन में शामिल हुई विजय की TVK, अब 2029 में PM फेस को लेकर क्या होगा अगला दांव?

0 23

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलागा वेत्री कझगम यानी TVK औपचारिक रूप से INDIA गठबंधन में शामिल हो गई है। 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा के बीच विजय का यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। TVK के कई नेता पहले ही विजय को भविष्य के प्रधानमंत्री चेहरे के तौर पर पेश करते रहे हैं। अब पार्टी के INDIA गठबंधन में आने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में विजय की भूमिका को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

कांग्रेस ने TVK के INDIA गठबंधन में शामिल होने की पुष्टि की है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि TVK के गठबंधन में आने से तमिलनाडु में विपक्षी मोर्चा और मजबूत होगा। साथ ही भाजपा और केंद्र की सरकार के खिलाफ राजनीतिक मुकाबला भी प्रभावी होगा।

विजय के लिए गठबंधन क्यों जरूरी हुआ?

विजय की पार्टी ने पहली ही विधानसभा चुनावी पारी में बड़ा प्रदर्शन किया। TVK 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई, लेकिन सरकार बनाने के लिए उसे कम से कम 10 और सीटों के समर्थन की जरूरत थी। इसके बाद कांग्रेस और वाम दलों के साथ वीसीके और आईयूएमएल जैसे दलों के समर्थन से विजय सत्ता तक पहुंचे।

अब INDIA गठबंधन में शामिल होने का फैसला भी इसी राजनीतिक समीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य में जिन दलों के साथ TVK सरकार चला रही है, उनमें से कई दल पहले से INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं। ऐसे में गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल होकर TVK को 2029 के लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के लिए एक बड़ा मंच मिल गया है।

PM चेहरे को लेकर पहले कांग्रेस से हो चुकी है बयानबाजी

TVK के कई नेता विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की बात कह चुके हैं। इसी मुद्दे पर पार्टी नेताओं और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी सामने आई थी। TVK नेता आदव अर्जुन ने अगस्त में कहा था कि भविष्य का प्रधानमंत्री दक्षिण भारत से होना चाहिए और यह प्रधानमंत्री तमिलनाडु से भी हो सकता है।

ऐसे में TVK के INDIA गठबंधन में आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय की प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा का क्या होगा। गठबंधन में कांग्रेस भी प्रमुख दल है और राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस नेताओं की अपनी भूमिका और दावेदारी रही है। इसलिए गठबंधन में शामिल होने के बाद भी PM चेहरे को लेकर अंतिम स्थिति साफ नहीं हुई है।

बैठक में कांग्रेस समेत कई दलों के नेता पहुंचे

शनिवार को हुई बैठक में कांग्रेस, TVK, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल के नेता शामिल हुए। TVK की तरफ से आदव अर्जुन और मारी विल्सन बैठक में मौजूद रहे।

TVK के INDIA गठबंधन में आने से तमिलनाडु में विपक्षी दलों के बीच तालमेल का नया ढांचा तैयार हुआ है। हालांकि, संसद में TVK का फिलहाल एक भी सांसद नहीं है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की स्थिति आगे होने वाले राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावी प्रदर्शन से तय होगी।

तीसरे मोर्चे की चर्चाओं पर भी असर

TVK के INDIA गठबंधन में शामिल होने से तीसरे मोर्चे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी असर पड़ सकता है। इससे पहले डीएमके सांसद कनिमोई की ओर से कांग्रेस से अलग क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की कोशिशों की खबरें सामने आई थीं। वह पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर चुकी थीं।

हालांकि, हाल ही में हुई INDIA गठबंधन की राष्ट्रीय बैठक में ममता बनर्जी की मौजूदगी और अब TVK के गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद तीसरे मोर्चे को लेकर चल रही चर्चाएं फिलहाल कमजोर पड़ती दिखाई दे रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.