UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में युवाओं के लिए ज्ञान और करियर का केंद्र बना सूचना विभाग का पवेलियन, सेल्फी के लिए लगी लंबी कतार
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन पांच दिनों तक युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां पुस्तकों की प्रदर्शनी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री और प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को डिजिटल माध्यम से देखने का अवसर युवाओं को मिला। इसके चलते पूरे ट्रेड शो के दौरान पवेलियन पर युवाओं की लगातार आवाजाही बनी रही।
किताबों में दिखी करियर की राह
पवेलियन में भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों ने युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। कई युवा पसंद की किताबें लेकर वहीं पढ़ते नजर आए, जबकि कुछ युवाओं ने संबंधित पुस्तकों के प्रकाशकों की जानकारी अपने मोबाइल में दर्ज की।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के बीच उत्तर प्रदेश वार्षिकी पुस्तक विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सिकंदराबाद से पहुंचीं पीसीएस अभ्यर्थी निधि यादव ने बताया कि उनकी क्लासमेट ने उन्हें ट्रेड शो में उपलब्ध उत्तर प्रदेश वार्षिकी के बारे में जानकारी दी थी। इसी पुस्तक को देखने और लेने के लिए वह विशेष रूप से ट्रेड शो पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े सामान्य ज्ञान की प्रमाणिक सामग्री काफी उपयोगी रहती है।
पवेलियन में बनारस तेरे रंग हजार, योगी का राम राज्य, लोक आराधना की अभिव्यक्ति, तीर्थनामा अयोध्या, न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया और विकसित यूपी विकसित भारत जैसी पुस्तकों में भी युवाओं ने रुचि दिखाई।
सेल्फी जोन में युवाओं की उमड़ी भीड़
पवेलियन का सेल्फी जोन भी युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा। राम मंदिर अयोध्या, वाराणसी के नमो घाट, वृंदावन के प्रेम मंदिर और सारनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को बैकग्राउंड में चुनकर युवाओं ने सेल्फी ली।
इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब के माध्यम से युवाओं और बच्चों को उभरते भारत और उभरते उत्तर प्रदेश की तस्वीर से परिचित कराया गया। ग्लोब के साथ सेल्फी लेने को लेकर भी युवाओं और बच्चों में खास उत्साह दिखाई दिया। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई युवाओं को अपनी बारी के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सेल्फी लेने के बाद सूचना विभाग की ओर से युवाओं को उपहार भी दिए गए।
ज्ञान और संस्कृति से जोड़ने वाला मंच बना पवेलियन
पांच दिनों के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन अपनी पारंपरिक सूचना प्रसार की भूमिका से आगे बढ़कर युवाओं को किताबों के जरिए ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, प्रदेश की संस्कृति और डिजिटल माध्यम से अपनी विरासत से जुड़ने का अवसर देता रहा।
ट्रेड शो में युवाओं की भागीदारी ने यह भी दिखाया कि मनोरंजन के साथ ज्ञान और करियर से जुड़ी सामग्री एक ही मंच पर उपलब्ध हो तो युवा उसमें सक्रिय रुचि लेते हैं।