Instagram यूजर्स की बड़ी परेशानी खत्म! पोस्ट करने के बाद भी एडिट कर सकेंगे स्टोरी, 15 मिनट की मिलेगी मोहलत
नई दिल्ली: इंस्टाग्राम ने स्टोरी पोस्ट करने वाले यूजर्स के लिए नया एडिट फीचर पेश किया है। अब स्टोरी साझा करने के बाद उसमें गलती होने पर उसे डिलीट करके दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर्स पोस्ट करने के 15 मिनट के भीतर स्टोरी में बदलाव कर सकेंगे। खास बात यह है कि एडिट करने के बाद भी स्टोरी पर आए व्यूज, लाइक्स और रिप्लाई सुरक्षित रहेंगे।
इंस्टाग्राम प्रमुख एडम मोसेरी ने इस नए फीचर की जानकारी दी। इसके तहत यूजर्स स्टोरी पोस्ट करने के बाद उसके टेक्स्ट, म्यूजिक, स्टिकर और ड्राइंग में बदलाव कर पाएंगे। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें स्टोरी साझा करने के तुरंत बाद उसमें कोई गलती नजर आती है।
कैसे एडिट कर सकेंगे पोस्ट की गई स्टोरी?
इस फीचर का इस्तेमाल करना आसान है। यूजर्स को सबसे पहले अपनी पोस्ट की गई स्टोरी खोलनी होगी। इसके बाद स्क्रीन के निचले हिस्से में मौजूद तीन डॉट वाले मेन्यू पर टैप करना होगा। यहां ‘एडिट स्टोरी’ का विकल्प मिलेगा। इसे चुनकर टेक्स्ट, म्यूजिक, स्टिकर और ड्राइंग में जरूरी बदलाव किए जा सकेंगे।
हालांकि, यह एडिटिंग सुविधा स्टोरी पोस्ट करने के 15 मिनट के भीतर ही उपलब्ध होगी। बदलाव करने के लिए स्टोरी को हटाने या दोबारा अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी।
स्टोरी बनाने के अनुभव को बेहतर बनाने की तैयारी
इंस्टाग्राम स्टोरी क्रिएशन को ज्यादा आसान और रचनात्मक बनाने के लिए स्टिकर से जुड़े विकल्पों में भी बदलाव कर रहा है। प्लेटफॉर्म नए फॉन्ट, रंग और आकार जोड़ रहा है। स्टिकर के लिए अलग-अलग शीट उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यूजर्स आसानी से अपनी पसंद के विकल्प तलाश सकें।
इसके अलावा, एक साथ कई तस्वीरें चुनने की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाया जा रहा है। यूजर्स को नए ब्लर इफेक्ट, रंग और ग्रेडिएंट बैकग्राउंड जैसे विकल्प भी मिलेंगे। इन बदलावों का मकसद स्टोरी तैयार करने और साझा करने के अनुभव को पहले से अधिक सुविधाजनक बनाना है।