ISI के इशारे पर 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया खातों से फैलाया गया फर्जी प्रचार, भारत में तनाव भड़काने की कोशिश का खुलासा

0 13

नई दिल्ली: सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के कथित समर्थन से संचालित सोशल मीडिया दुष्प्रचार नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच के मुताबिक, 13 सितंबर से 18 नवंबर के बीच 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया खातों के जरिए भारत में भ्रामक सूचनाएं फैलाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान 28 बड़े झूठे दावे प्रसारित किए गए, जिन्हें 28 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

इस अभियान में भारतीय नामों और पहचान वाले फर्जी प्रोफाइल का इस्तेमाल कर दावों को वास्तविक खबरों जैसा दिखाने की कोशिश की गई। इसके बाद दूसरे खातों के जरिए इन पोस्ट को व्यापक स्तर पर साझा किया गया। कथित तौर पर आईएसआई से जुड़े मीडिया मंचों और वेबसाइटों ने भी इन्हीं दावों को आगे बढ़ाकर उन्हें विश्वसनीय सूचना के तौर पर पेश करने का प्रयास किया।

दुष्प्रचार अभियान का एक प्रमुख निशाना भारत का शीर्ष सैन्य नेतृत्व रहा। जांच के अनुसार, सेना के प्रति अविश्वास पैदा करने और संस्थानों के बीच तनाव बढ़ाने के उद्देश्य से कई भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए गए।

सेना के खिलाफ अभियान के बाद धार्मिक मुद्दों को बनाया निशाना

सैन्य नेतृत्व को लेकर फैलाए गए दुष्प्रचार के बाद कथित नेटवर्क ने धार्मिक संवेदनशीलता से जुड़े मुद्दों पर भी झूठी सूचनाएं प्रसारित कीं। 10 नवंबर को गाजियाबाद में पांच मस्जिदों को गिराए जाने और पुलिस की गोलीबारी का दावा किया गया। इसके अलावा 15 नवंबर को कोलकाता में नमाजियों पर पुलिस द्वारा गोली चलाने और 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल में आरएसएस की ओर से चर्च जलाने तथा पांच ईसाइयों की मौत की खबरें भी प्रसारित की गईं। एजेंसियों के मुताबिक, ये दावे फर्जी थे।

पुराने घटनाक्रमों के वीडियो भी नए संदर्भों के साथ साझा किए गए। मध्य प्रदेश, झारखंड और पंजाब-हरियाणा सीमा पर वर्ष 2022 और 2024 में हुई वास्तविक झड़पों के वीडियो को नई तारीखों के साथ प्रसारित कर भ्रम पैदा करने की कोशिश की गई।

सैन्य अधिकारियों को लेकर फर्जी दावे और डीपफेक वीडियो प्रसारित

दुष्प्रचार नेटवर्क ने सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाते हुए कई भ्रामक दावे किए। सिख रेजिमेंट के एक मेजर की मेक्सिको में गिरफ्तारी की झूठी खबर प्रसारित की गई, जिसे 5.69 लाख बार देखा गया। एजेंसियों के मुताबिक, इस दावे का मकसद सेना के भीतर नाराजगी पैदा करना था।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के वर्ष 2019 के भाषण से छेड़छाड़ कर अश्लील टिप्पणियों वाला डीपफेक वीडियो भी प्रसारित किया गया। इस वीडियो को 3.89 लाख बार देखा गया। इसके अलावा 14 से 16 अक्टूबर के बीच सेना प्रमुख जनरल सेठ को पद से हटाए जाने की अफवाह फैलाने वाले पोस्ट को 78.5 हजार बार देखा गया, जबकि उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियों वाले पोस्ट को 88.7 हजार बार देखा गया।

आतंकी हमले को फॉल्स फ्लैग बताने की कोशिश

कुलगाम में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे, के बाद कथित नेटवर्क ने इसे भारतीय नेताओं की साजिश बताने की कोशिश की। इस घटना को फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन बताकर भ्रम फैलाया गया।

इसके लिए रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी प्रफुल्ल बख्शी का डीपफेक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसे 54 हजार बार देखा गया। वहीं, मुख्यधारा के मीडिया की एक कथित फर्जी रिपोर्ट को भी प्रसारित किया गया, जिसे 88 हजार बार देखा गया। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इस तरह भ्रामक सामग्री के जरिए आतंकी हमले को लेकर गलत धारणा बनाने और भारत में अविश्वास का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.