ईरान में LIVE हथियार ट्रेनिंग! टीवी स्टूडियो में एंकर्स ने उठाई AK-47, बच्चों तक को सिखाई जा रही बंदूक चलाने की ट्रेनिंग
तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब ईरान में आम नागरिकों को खुलेआम हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि टीवी न्यूज चैनलों के स्टूडियो तक में लाइव प्रसारण के दौरान AK-47 जैसी असॉल्ट राइफल चलाना सिखाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है।
डोनाल्ड ट्रंप की हालिया धमकियों के बाद ईरान में संभावित सैन्य हमले का डर बढ़ गया है। इसी बीच ईरानी सरकारी मीडिया और सुरक्षा एजेंसियां आम लोगों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण देने में जुट गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अभियान में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हो रहे हैं।
LIVE शो में एंकर ने चलाई राइफल
ईरानी सरकारी चैनलों पर प्रसारित वीडियो क्लिप्स में न्यूज एंकर्स को लाइव कार्यक्रम के दौरान हथियार चलाने की ट्रेनिंग लेते देखा गया। एक वायरल वीडियो में सरकारी चैनल ओफोग के एंकर हुसैन हुसैनी स्टूडियो के अंदर राइफल से गोली चलाते नजर आए।
बताया जा रहा है कि इस दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी IRGC का एक प्रशिक्षक भी मौजूद था, जो उन्हें हथियार चलाने की तकनीक समझा रहा था। पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया ताकि आम लोग भी इसे देखकर ट्रेनिंग ले सकें।
महिला एंकर ने हाथों में उठाई AK-47
एक अन्य वीडियो में चैनल 3 की महिला एंकर मोबिना नासिरी दोनों हाथों में असॉल्ट राइफल पकड़े दिखाई दीं। उन्होंने लाइव शो के दौरान दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भी हथियार भेजा गया है ताकि वह इसका इस्तेमाल सीख सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अपने देश के लिए जान देने को तैयार हैं। महिला एंकर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मस्जिदों में चल रही ट्रेनिंग, बच्चों को भी सिखाई जा रही फायरिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान समेत कई शहरों की मस्जिदों में नागरिकों को हल्के हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। सामने आई तस्वीरों में छोटे-छोटे बच्चे भी बंदूक चलाना सीखते दिखाई दिए हैं।
सरकारी टेलीविजन ने इन कार्यक्रमों को “देश की रक्षा के लिए जनता की तैयारी” बताया है। दावा किया जा रहा है कि यह अभियान संभावित बाहरी हमले की स्थिति में नागरिकों को तैयार करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान को लेकर फिर सख्त बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि “ईरान के लिए समय तेजी से खत्म हो रहा है” और अगर उसने जल्द फैसला नहीं लिया तो “कुछ भी नहीं बचेगा।”
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी संकेत दिए थे कि अमेरिका आगे कड़े कदम उठा सकता है। इसके बाद ईरान में सुरक्षा तैयारियों और सैन्य गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात पश्चिम एशिया में तनाव को और बढ़ा सकते हैं। वहीं ईरान में जिस तरह आम जनता को हथियार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसने वैश्विक स्तर पर नई बहस छेड़ दी है।