Lucknow LDA Expansion: योगी सरकार का बड़ा फैसला, 662 गांव आएंगे एलडीए के दायरे में

0 45

लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का क्षेत्र अब दोगुना होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलडीए के सीमा विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लखनऊ जिले के 662 नए राजस्व गांव प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में शामिल किए जाएंगे। इस फैसले से शहर और आसपास के इलाकों में सुनियोजित विकास को गति मिलने के साथ ही अवैध निर्माण पर भी लगाम लगाने की तैयारी है।

एलडीए बोर्ड ने 5 जुलाई 2024 को हुई अपनी 181वीं बैठक में 662 राजस्व गांवों को अपने क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। अब सरकार की मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा। एलडीए ने बढ़ते शहरीकरण और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया था।

बढ़ती आबादी और अव्यवस्थित विकास को रोकने की तैयारी

आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलडीए की सीमा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में नए क्षेत्रों में आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए यह विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एलडीए के विस्तार का उद्देश्य बिना योजना के हो रहे विकास को नियंत्रित करना और नए क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करना है। इसके साथ ही अनियोजित कॉलोनियों और अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई का रास्ता भी साफ होगा।

2014 में 306 गांवों तक सीमित था एलडीए का क्षेत्र

वर्ष 2014 में एलडीए के विस्तार के दौरान नगर निगम क्षेत्र सहित 306 राजस्व गांवों को प्राधिकरण के दायरे में शामिल किया गया था। उस समय एलडीए का क्षेत्रफल 1051 वर्ग किलोमीटर था, जबकि लखनऊ जिले का कुल क्षेत्रफल 2528 वर्ग किलोमीटर है। इसके बावजूद 662 गांव अभी तक एलडीए की सीमा से बाहर थे।

इसी को देखते हुए एलडीए ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजकर लखनऊ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और कैंटोनमेंट क्षेत्र को छोड़कर जिले के बाकी शहरी और ग्रामीण इलाकों को अपने अधिकार क्षेत्र में शामिल करने की अनुमति मांगी थी।

नई आवासीय योजनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी की बनेगी योजना

एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि बढ़े हुए क्षेत्र में नई आवासीय योजनाएं शुरू करने, कनेक्टिविटी बेहतर करने और बुनियादी सुविधाओं के विकास की योजना बनाई जाएगी। इसके अलावा अवैध कॉलोनियों को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

सीमा विस्तार के बाद एलडीए की निगरानी का दायरा बढ़ जाएगा और ऐसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा, जो अभी तक प्राधिकरण के नियंत्रण से बाहर थे।

छह विकासखंड और 10 नगर पंचायतें होंगी शामिल

एलडीए के विस्तार प्रस्ताव में सरोजनी नगर, काकोरी, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, गोसाईगंज और मोहनलालगंज समेत छह विकासखंडों के शेष क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पूरा माल ब्लॉक भी इस योजना का हिस्सा है।

प्रस्ताव में 10 नगर पंचायतों महोना, इटौंजा, मलिहाबाद, नगराम, अमेठी, काकोरी, बख्शी का तालाब, मोहनलालगंज, बंथरा और गोसाईगंज को भी शामिल करने की योजना है।

एलडीए विस्तार से बदलेगी विकास की तस्वीर

एलडीए के दायरे में नए गांवों के शामिल होने के बाद इन क्षेत्रों में आवासीय योजनाओं, सड़क संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण इन इलाकों में विकास की निगरानी बढ़ाने के साथ अनियोजित निर्माण की जांच भी करा सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.