गाजियाबाद में लखनऊ जैसी भीषण आग का कहर, 250 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक; सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप, कई बच्चों के लापता होने की आशंका

0 26

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर झुग्गी बस्तियों में भीषण आग ने तबाही मचा दी है। लखनऊ के बाद अब गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में कनावनी के पास स्थित झुग्गी बस्ती में आग लगने से बड़ा हादसा सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस आग में 250 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं, जबकि कई बच्चों के लापता होने की भी सूचना है।

सिलेंडर धमाकों से बढ़ी आग की भयावहता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झुग्गियों में मौजूद रसोई गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके हो रहे हैं, जिससे आग और अधिक भयानक रूप लेती चली गई। बताया जा रहा है कि आसपास कबाड़ के गोदाम भी मौजूद हैं, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।

धुएं का गुबार, परिवारों में मचा कोहराम
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में काले धुएं का विशाल गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा है। झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो चुकी हैं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। अपने बच्चों की तलाश में परिजन बदहवास हालत में इधर-उधर भटकते नजर आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार 20 से अधिक बच्चे लापता बताए जा रहे हैं।

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं, हालांकि आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं।

लखनऊ की घटना से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि इससे पहले लखनऊ के विकास नगर इलाके में भी झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से करीब 200 झुग्गियां जलकर राख हो गई थीं। उस हादसे में दो बच्चों की मौत की भी पुष्टि हुई थी, जिनकी उम्र लगभग दो साल बताई गई थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चों के शव देर रात बरामद किए गए थे और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए थे। इस घटना के बाद एक बार फिर गाजियाबाद में हुई आग ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.