लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दूसरे ही दिन बड़ा हादसा, प्रतिबंध के बावजूद बाइक लेकर पहुंचे दो युवकों की मौत
लखनऊ: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के संचालन के दूसरे ही दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद बाइक से पहुंचे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद एक्सप्रेसवे पर पहुंचे थे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार, उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के अर्जुनामऊ निवासी 25 वर्षीय हिमांशु सिंह अपने साथी हरदोई के संडीला निवासी 24 वर्षीय शैलेंद्र सिंह के साथ बुधवार शाम लखनऊ से बाइक पर घर लौट रहे थे। दोनों बंथरा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 20.5 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
गौरतलब है कि इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया, तिपहिया और धीमी गति वाले वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। इसके बावजूद कुछ लोग वैकल्पिक रास्तों से एक्सप्रेसवे पर पहुंच रहे हैं।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने हिमांशु सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र सिंह को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हेलमेट नहीं पहना था, पुलिस जुटी जांच में
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
एक्सप्रेसवे पर तकनीकी दिक्कतें भी आईं सामने
एक्सप्रेसवे के संचालन के शुरुआती दिनों में कुछ तकनीकी समस्याएं भी सामने आई हैं। उन्नाव एग्जिट, अमौसी एंट्री प्वाइंट और आजाद चौक के पास ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन और फास्टैग सेंसर बीच-बीच में काम करना बंद करते रहे, जिससे कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और टोल प्लाजा पर कतारें लग गईं।
टोल की जानकारी न होने से बढ़ी परेशानी
दरोगाखेड़ा एंट्री प्वाइंट पर कई वाहन चालक टोल शुल्क की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए। बाद में निकास बिंदु पर शुल्क का पता चलने पर कई लोग वापस लौटने लगे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल दरों से संबंधित स्पष्ट सूचना बोर्ड नहीं होने के कारण वाहन चालकों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।